बुढ़ाना में यूपी बोर्ड का परीक्षा परीणाम देखकर विरोध प्रदर्शन करते छात्र।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
परीक्षा परिणाम देखकर विद्यार्थी हुए मायूस
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। यूपी बोर्ड का हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का रिजल्ट आते ही कई स्कूलों के विद्यार्थी मायूस हो गए। दयानंद इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने कॉलेज में जमकर हंगामा किया। अंकपत्र हाथों में लेकर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने दोबारा संशोधित परीक्षा परिणाम घोषित करने की मांग की।
माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा शनिवार को हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का रिजल्ट घोषित किया गया। लंबे समय से परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के सभी विद्यार्थी मायूस हुए। विद्यार्थियों ने बताया कि बोर्ड के नियमानुसार कक्षा 10 के परीक्षा परिणाम में कक्षा नौ के अंक नहीं जोड़े गए हैं। कक्षा 12 के परीक्षा परीक्षा में कक्षा ग्यारह के अंक नहीं जोड़े गए हैं। सभी छात्रों को प्रमोट कर दिया गया है। विद्यार्थियों ने बताया कि यूपी बोर्ड ने मेहनत से पढ़ाई करने वाले तथा न पढ़ने वाले छात्रों को एक श्रेणी में रख दिया है। परीक्षा परिणाम से नाराज दयानंद इंटर कॉलेज के छात्र स्कूल में पहुंचे। छात्रों ने स्कूल परिसर में जमकर हंगामा व प्रदर्शन किया। इस विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमिल कुमार ने छात्रों को समझाते हुए कहा कि उनके विद्यालय द्वारा सभी विद्यार्थियों के कक्षा 9 और कक्षा 11 के अंक भेजे गए हैं। परीक्षा परिणाम बोर्ड ने घोषित किया है। इसमें विद्यालय की कोई गलती नहीं है। छात्रों ने बोर्ड के सचिव को मेल डालकर छात्रों की समस्या का समाधान करने की मांग की। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों में फैसल उस्मानी, आकाश, अक्षय, आयुष, आशीष, सचिन, मुकुल, प्रियांशु, साकिर, अनुराग, सुलेमान, तनवीर और गौरव आदि मौजूद रहे।
बुढ़ाना में यूपी बोर्ड का परीक्षा परीणाम देखकर कॉलेज के गेट पर विरोध प्रदर्शन करते छात्र।- फोटो : MUZAFFARNAGAR