दिल्ली में परीक्षा पे चर्चा के दौरान मौजूद शारदेन स्कूल की छात्रा।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पीएम से सवाल नहीं पूछ पाए जिले के छात्र
मुजफ्फरनगर। परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने के बावजूद जिले के छात्र-छात्राओं को प्रधानमंत्री से सवाल करने का मौका नहीं मिला। नगर के केंद्रीय विद्यालय और शारदेन स्कूल के तीन छात्र-छात्राएं इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली गए थे।
सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुजफ्फरनगर के केंद्रीय विद्यालय के छात्र प्रीतम पाल और छात्रा मानसी वर्मा को भी बुलाया गया था। इसके अतिरिक्त शारदेन स्कूल की छात्रा ऋषिभा मैनी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। दिल्ली से लौटते हुए ऋषिभा ने बताया कि उत्तर प्रदेश से किसी भी छात्र को प्रधानमंत्री से प्रश्न पूछने का मौका नहीं मिला है। ऋषिभा अध्यापिका ऋतु देशवाल के साथ इस कार्यक्रम में पहुंची थी। वह प्रधानमंत्री से प्रश्न पूछने के लिए तैयारी करके गई थीं, लेकिन वहां मौका ही नहीं मिल पाया। दो दिन पहले यहां से गए छात्र-छात्राओं को दिल्ली के बाल भवन में ठहराया गया था। पुनीत पाल की मां उषा पाल ने बताया कि पुनीत शिक्षकों के साथ दिल्ली गया है। वहां पर मोबाइल नहीं ले जाने दिया गया था। केंद्रीय विद्यालय के दोनों छात्र शाम पांच बजे दिल्ली से मुजफ्फरनगर के लिए चले हैं। वे देर रात तक घर पहुंचेंगे। उधर, एमजी पब्लिक स्कूल में सैकड़ों विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री का परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। विद्यालय में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र छात्राओं के साथ ही शिक्षकों ने शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर स्कूल डायरेक्टर जीबी पांडेय और प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग आदि मौजूद रहे।