आरटीआई डालने पर छात्र पर हमला
भोपा (मुजफ्फरनगर)। गांव कसौली में आरटीआई डालने से नाराज पूर्व प्रधान के परिजनों ने छात्र पर हमला कर उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने थाने पर हंगामा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना से गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव व्याप्त है।
थाना क्षेत्र के गांव कसौली निवासी बी-फॉर्मा के छात्र अजय कुमार ने कुछ दिन पूर्व दूसरे वर्ग के पूर्व प्रधान के खिलाफ किसी मामले में आरटीआई दाखिल की थी। आरोप है कि इसी रंजिश में शनिवार शाम ग्राम प्रधान के परिजनों ने राशन लेने पहुंचे छात्र के साथ जमकर मारपीट कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। राशन डीलर अनिल व उसकी मां कुंतेश ने छात्र को बचानेे का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। मामला दो वर्गों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव व्याप्त हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बिना किसी कार्रवाई के लौट गई। इससे नाराज ग्रामीण थाने जा पहुंचे और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। इस पर पुलिस ने फिर से गांव में पहुंचकर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पीड़ित अजय की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव में दोनों पक्षों के बीच व्याप्त तनाव के मद्देनजर फोर्स तैनात की गई है। सीओ भोपा गिरिजा शंकर त्रिपाठी का कहना है कि छात्र के साथ पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट की गई है। जांच की जा रही है, दो लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।