सरकुलर रोड पर पाइप लाइन लीकेज को ठीक करते कर्मचारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
कदम-कदम पर लीकेज हो रही पाइप लाइन
मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी में शहर की पेयजल पाइप लाइन भी धोखा दे रही है। पाइप लाइन पानी के प्रेशर को नहीं झेल पा रही और जगह-जगह लीकेज हो रहे हैं। शुक्रवार को सरकुलर रोड पर करीब 50 मीटर की दूरी में तीन जगहों पर पाइप लाइन लीकेज हुई। कर्मचारी इसे ठीक करने में जुटे रहे।
नगर में पेयजल पाइप लाइन कहीं न कहीं लीकेज होती रहती है। लीकेज को ठीक करने के लिए नलकूप बंद करना पड़ता है। इसके चलते मोहल्लों में पानी की दिक्कत हो जाती है। सरकुलर रोड पर जीआईसी पेट्रोल पंप के पास से चौधरी छोटूराम इंटर कॉलेज के सामने तक लगभग 50 मीटर की दूरी में तीन जगह पर पाइप लाइन लीकेज हुई। शुक्रवार को कर्मचारी इन लीकेज को ठीक करने में जुटे रहे। सड़क तोड़कर गहरे गड्ढे खोदे गए और पाइप लाइन की मरम्मत का काम शुरू हुआ। एक स्थान पर तो लीकेज ठीक हो गया लेकिन दो जगहों पर काम चल रहा है। मरम्मत कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि इन स्थानों पर कनेक्शन होने के कारण पानी के प्रेशर से लीकेज हुआ है। लीकेज ठीक करने के लिए नलकूप बंद कराना पड़ा। उन्होंने बताया कि शनिवार तक तीनों लीकेज ठीक कर दिए जाएंगे।