मुजफ्फरनगर। सिसौली निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक आचार्य बंधु के साथ घर में घुसकर मारपीट के मामले में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की संस्तुति की गई है। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल ने एसएसपी मुजफ्फरनगर व एसपी शामली को कार्रवाई के लिए आदेश जारी किया है।
पीडित सेवानिवृत्त शिक्षक ने आयोग में पत्र भेज कर आरोप लगाया था कि वह 28 अप्रैल 2019 को अपनी जमीन पर निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान सिसौली के ही कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। थाना भौरा कलां में आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
आरोप है कि 12 सितंबर को सुबह पूजा करने के दौरान भौरा कलां एसओ वीरेंद्र कसाना, दरोगा सरदार गुरबचन सिंह, महिला सिपाही पिंकी व दो अन्य दरोगा ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। पचास हजार रुपये की मांग की। खरीदी जमीन को दूसरे पक्ष के हक में करने का गलत दबाव बनाया। उन्हें झूठे मामले में जेल भेज दिया गया।
पीड़ित ने मामले में आयोग में वाद सुनवाई के लिए डाला। आयोग ने दोनों पक्षों को सुना। आयोग के उपाध्यक्ष ने एसएसपी मुजफ्फरनगर व एसपी शामली को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की संंस्तुति की है।