चरथावल में सड़क हादसे में सिपाही की मौत
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। थानाभवन मार्ग पर कार में अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से एक सिपाही की मौत हो गई। सिपाही शुक्रवार को कार से शामली में सरकारी कार्य से जा रहा था। शामली निवासी सिपाही मेरठ के परतापुर थाने में तैनात था।
शामली जनपद के गांव गोमतीपुर सिक्का निवासी कांस्टेबल कपिल (31) शुक्रवार दोपहर बाद कार से शामली में सरकारी कार्य से जा रहा था। बताया गया कि थानाभवन मार्ग पर बिरालसी चेकपोस्ट से 250 मीटर की दूरी पर अज्ञात वाहन की टक्कर से कार संतुलन बिगड़ने से पेड़ से जा टकराई। घायल सिपाही कार में बुरी तरह फंस गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक एमपी सिंह और बिरालसी चेकपोस्ट का स्टाफ मौके पर पहुंचा और सिपाही को बाहर निकालकर सीएचसी भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के पास मिले कागजातों के आधार पर उसके घर पर सूचना दी। शव को पंचनामे कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सिपाही कपिल मेरठ जनपद के परतापुर थाने में बतौर कांस्टेबल तैनात था और 2016 में भर्ती हुआ था। एसएचओ ने बताया उसका पैतृक गांव शामली जनपद का गांव गोमतीपुर सिक्का है। सिपाही के चचेरे भाई सुमित ने दुर्घटना की रिपोर्ट लिखवाई है। मृतक की पत्नी अमृता के एक बेटा है।
मृतक सिपाही की मौके पर क्षतिग्रस्त कार- फोटो : MUZAFFARNAGAR