सोलर पैनल चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार
तितावी (मुजफ्फरनगर)। गांव लालूखेड़ी में 10 दिन पहले पेट्रोल पंप से लाखों रुपये के सोलर पैनल की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया गया था। उनके पास से प्रेस लिखी एक कार भी बरामद की गई है, जिसे चोरी की घटना में इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया है।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव लालूखेड़ी के नवनिर्मित पेट्रोल पंप से 14-15 फरवरी की रात्रि सोलर पैनल चोरी कर लिए गए थे। सीओ फुगाना सोमेंद्र सिंह व तितावी इंस्पेक्टर गुरुचरण सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि पुलिस ने लालूखेड़ी चौकी बार्डर पर चेकिंग के दौरान एक्सयूवी 500 में सवार होकर जा रहे तीन लोगों को रोका, तो उन्होंने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए कार सवार लोगों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से दो तमंचे, दो कारतूस व 12 सोलर ऊर्जा प्लेट बरामद हुए। उनके पास से मिली कार पर प्रेस लिखा है। पकड़े गए लोगों ने अपने नाम गोपाल पुत्र जयपाल, निवासी अमीरपुर बरेली थाना पिलखुआ हाल निवासी उत्तरी रामपुरी मुजफ्फरनगर, सन्नी पुत्र घनश्याम निवासी यमुनानगर हरियाणा हाल पता जनकपुरी मुजफ्फरनगर व हिमांशु पुत्र अमित कुमार, निवासी फतेहपुर थाना सहसपुर देहरादून उत्तराखंड बताए हैं। पुलिस के अनुसार पकड़े गए गोपाल ने बताया कि वह प्रेस लिखी कार से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी गोपाल को बागपत पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में जेल भेजा था। पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान कर दिया है।