पुरकाजी। पुरकाजी खादर क्षेत्र की सोलानी नदी में धीरे-धीरे पानी कम होने से ग्रामीण राहत तो महसूस कर रहे हैं। मगर जंगलों व रास्तों पर पानी भरे होने से ग्रामीणों की समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। पशुओं के लिए चारे की समस्या आ गई है। गांवों के रास्तों पर पानी भरा होने व बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से ग्रीष्म अवकाश के बाद खुले स्कूलों में बच्चे नहीं पहुंचे।
शनिवार को उत्तराखंड की पहाड़ियों से पानी छोड़े जाने से रविवार को पुरकाजी खादर क्षेत्र में सोलानी नदी का जल स्तर बढ़ गया था। पानी खेतों, जंगलों व गांव भदोला, पांचली, रामनगर, रजगल्लापुर, रतन पुरी व शेरपुर नगला आदि गांवों के रास्तों पर भर जाने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया था।
पानी कम होने से ग्रामीण राहत महसूस कर रहे हैं। मगर खादर क्षेत्र के कई गांवों के रास्तों का हाल बहुत खराब हो गया है। हालात यह हैं कि गांव शेरपुर नंगला व धुम्मनपुरी और रामनगर आदि के रास्तों में कीचड़ भरा पड़ा है और सड़क टूट कर वहां बड़े बड़े गड्ढे बन गए हैं।
वहां से न साइकिल और न ही बाइक निकल पा रही है। ग्रामीणों को बामुश्किल रास्ते से पैदल ही गुजरना पड़ रहा है। कुछ ग्रामीण कीचड़ में गिरकर चोट भी खा चुके हैं। ग्रामीणों को खेतों के रास्ते चक्कर काटकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
उधर, ग्रीष्म अवकाश के बाद मंगलवार को स्कूल खुले। मगर रास्तों का बुरा हाल हो जाने के कारण बच्चे स्कूलों में नहीं पहुंच पाए। किसान इंटर काॅलेज के अध्यापक विक्की पंवार व खालसा पब्लिक स्कूल के संचालक गुरमीत सिंह ने बताया कि गांव राम नगर, शेरपुर नगला, रजगल्लापुर आदि गांवों के करीब 70 छात्र छात्राएं स्कूल नहीं आईं।
बुधवार को पीडब्ल्यूडी के एई मोनी सिंह ने अपनी टीम के साथ खादर क्षेत्र का दौरा किया। उनका कहना है कि सड़कें काफी टूटी हुई हैं। रास्तों पर पानी खत्म होने के बाद सड़कों की मरम्मत करवाई जाएगी।
सोलानी नदी का पानी बाहर आने से सड़कें टूटती हैं। जब तक सोलानी नदी की सफाई नहीं होगी और नदी से बाहर आने वाले पानी की रोकथाम नहीं होगी। तब तक सड़कें टूटती रहेंगी।
सिंचाई विभाग के जेई अनिल कुमार का कहना है कि नदी पर एक लोहे का पुल बना हुआ है। उसमें जल कुंभी फंस जाने से पानी का बहाव कम हो जाने के कारण पानी नदी से बाहर निकलकर रास्तों पर आ जाता है। लोहे का पुल हटने के बाद ही समस्या का समाधान हो पायेगा।
-
प्रशासन ने नहीं लगाई नाव, ग्रामीणों को हो रही दिक्कतें
पुरकाजी। सोलानी नदी पर प्रशासन द्वारा नाव नहीं लगाने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण जंगलों व खेतों पर नहीं जा पा रहे हैं।ग्रामीण राजू प्रजापति, गुलशन कुमार, यादराम प्रजापति, बिजेंद्र सिंह, साधुराम आदि ने बताया कि नदी में करीब 14 फुट पानी होने के कारण ग्रामीण नदी पार नहीं कर पा रहे हैं। जंगलों में पानी भरा होने के कारण पशुओं के लिए चारे की विकट समस्या आ गईं है। हरा चारा नहीं मिलने से पशु कमजोर होने लगे हैं। एसडीएम सदर निकिता शर्मा ने कहा कि एक दो दिन में नदी पर नाव लगा दी जाएगी।