बुढ़ाना। मेरठ-करनाल हाईवे पर बेकाबू कैंटर ने फुगाना बस अड्डे पर बस की प्रतीक्षा में खड़े पांच यात्रियों को रौंद डाला, जिसमें चार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। गंभीर अवस्था में घायल एक ग्रामीण को मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह भीषण हादसा हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मेरठ-करनाल हाइवे पर तहसील क्षेत्र के गांव फुगाना बस अड्ड़े पर यह हादसा रविवार को सुबह करीब नौ बजे हुआ। फुगाना बस स्टैंड पर काफी यात्री बस की इंतजार में खड़े हुुुए थे। इसी दौरान मेरठ की ओर से खाली मुर्गी वाहन कैंटर ने यात्रियों को रौंद डाला। अनियंत्रित कैंटर सड़क किनारे गहरी खाई में जाकर धंस गया।
इस हादसे से घटनास्थल पर खडे़ यात्रियों में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर यूपी डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यात्रियों और दुकानदारों की सहायता से सभी घायलों को कस्बे की सीएचसी में भर्ती करवाया। सीएचसी पर पहुंचे पांच घायलों में से दो महिलाओं सहित चार लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे में मरने वालों की शनाख्त फुगाना निवासी आशु उर्फ एश कुमार (40) पुत्र होराम और नरेंद्र (30) पुत्र सूरजभान के रूप में हुई। मृतक महिलाओं की पहचान शामली जिले के गांव लांक निवासी रघुबीरी (70) पत्नी सत्यपाल और सिसौली के अलावलपुर माजरा निवासी रेशू उर्फ संतरेश पत्नी प्रवेश के रूप में हुई। गंभीर रूप से घायल बागपत जिले के बड़ौत निवासी सन्नी पुत्र किरणपाल को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, मुजफ्फरनगर। तेज गति से आ रही एक कार की चपेट में आने के कारण विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आए तीन लोग घायल हो गए। लोगों ने कार चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। नई मंडी के जानसठ रोड पर रात में शादी समारोह चल रहा था। बैंक्वेट हॉल के बाहर कुछ लोग खड़े हुए थे। इसी दौरान एक कार ने लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे तीन घायल हो गए। लोगों ने चालक को पकड़ कर पुलिस सौंप दिया।