मुजफ्फरनगर। सर्दी का मौसम शुरू होते हुए ट्रेनों का भी लेट पहुंचना शुरू हो गया है। शनिवार को कैथर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन सहित छह ट्रेन कई घंटे लेट पहुंची। ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों को परेशान होना पड़ा। दिल्ली जाने वाले काफी यात्री अन्य वाहनों से अपनी मंजिल के लिए रवाना हो गए।
प्रयागराज से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस छह घंटा, पंजाब के अमृतसर से बिहार के कैथर जंक्शन जाने वाली कैथर स्पेशल उत्सव ट्रेन आठ घंटा, ओडिशा के पुरी शहर से योग नगरी ऋषिकेश जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस चार घंटा, इंदौर से अमृतसर जाने वाली इंदौर एक्सप्रेस पचास मिनट, जालंधर सिटी से नई दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, अंबाला कैंट से दिल्ली जाने वाली एक घंटा लेट पहुंची। सबसे ज्यादा परेशानी अमृतसर से आने वाली कैथर स्पेशल ट्रेन के कारण हुई। इस ट्रेन में दिल्ली जाने के लिए काफी यात्री रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। जब उन्हें पता चला कि ट्रेन आठ घंटा लेट चल रही है तो वह अन्य वाहनों से रवाना हो गए। खालापार निवासी जूता व्यापारी फरमान ने बताया कि उन्हें अपने व्यवसाय के बारे में दिल्ली कैथर स्पेशल ट्रेन से जाना था। लेकिन ट्रेन काफी लेट चल रही थी। इसी के चलते उन्हें बस से जाना पड़ रहा है। उधर, रेलवे स्टेशन अधीक्षक पवन कुमार ने ट्रेनों के लेट पहुंचने के कारण के बारे में जानकारी होने से इनकार किया है।