मुजफ्फरनगर के भोपा थानाक्षेत्र में गांव जौली में पिछले दो दिन में छह लोगों की संदिग्ध बीमारी से मौत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की सीएचसी से पहुंची टीम ने मंगलवार को गांव में ग्रामीणों के नमूने लिए। इनमें से पांच लोगों के परिवारों ने नमूने देने से इंकार कर दिया, जिसकी रिपोर्ट अधिकारियों को दे दी गई है।
थाना क्षेत्र के गांव जौली में पिछले दो दिन में संदिग्ध बीमारी के चलते छह लोगों की अचानक मौत हो गई है। उक्त सभी लोग अलग-अलग परिवारों से संबंधित हैं। बुखार आने के बाद लोग गंभीर रूप से बीमार हुए और दम तोड़ दिया। दो दिन के भीतर छह लोगों की मौत से गांव में दहशत है। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को सीएचसी भोपा की टीम प्रभारी डॉ अन्नू चौधरी के नेतृत्व में गांव जौली पहुंची।
टीम ने गांव में दो दिन में मरने वाले सभी छह लोगों के घर जाकर उनके कोरोना जांच के लिए सैंपल लेने का प्रयास किया। केवल एक परिवार ने सैंपल दे दिए। पांच परिवारों ने सैंपल देने से इंकार कर दिया। डॉ अन्नू चौधरी ने बताया कि टीम ने सभी मृतकों के परिजनों से पूछताछ करते हुए उनकी जांच की, लेकिन इनमें से पांच परिवारों ने अपने कोरोना जांच के लिए सैंपल देने से इंकार कर दिया है।
उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में शिविर लगाकर सभी ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। वहीं, कोरोना जांच न कराने वाले पांचों परिवारों के संबंध में जांच रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में ग्राम प्रधान के पति शाह रजा नकवी ने बताया कि दो दिन में छह लोगों की मौतों से गांव में दहशत का माहौल है। उनके द्वारा स्वास्थ्य विभाग के साथ ही अन्य अधिकारियों को भी जानकारी दे दी गई है। गांव में स्वास्थ्य शिविर लगवाकर सभी ग्रामीणों की जांच कराई जाएगी।