शहर में छह और कोरोना संक्रमित मिले
मुजफ्फरनगर। शुक्रवार को भी शहर में छह लोग कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। इनमें से तीन नए मामले सामने आए हैं, बाकी तीन पुराने लोगों के संपर्क में आने वाले पॉजिटिव आए हैं। अब जिले में 233 केस हो गए, जिनमें से 103 एक्टिव मरीज हैं। वहीं शनिवार को 11 मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उनकी कोविड अस्पताल से छुट्टी की गई।
शहर में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, जो सभी के लिए बेहद चिंता की बात है। रैंडम में लिए गए सैंपलों की जांच भी पॉजिटिव आ रही है। बीते आठ दिनों से लगातार संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। एडीएम वित्त आलोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार को 153 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई, जिनमें से छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन छह लोगों में से तीन नया बांस मोहल्ले के एक ही परिवार के लोग हैं। यहां पर पहले एक युवक की मौत हो चुकी है। इसके अलावा ठाकुरद्वारा अबूपुरा में एक, कृष्णापुरी में एक तथा मखियाली में एक केस मिला है। अबूपुरा, कृष्णापुरी और मखियाली के केस नए हैं। हालांकि मखियाली सीएचसी प्रभारी डॉक्टर पांच दिन पहले पॉजिटिव मिल चुके हैं। एडीएम ने बताया कि 11 मरीजों की कोविड अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। अब जिले में कुल केस 233 हो गए हैं, जिनमें से 129 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 103 एक्टिव केस है, जिनका उपचार बेगराजपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में चल रहा है। अभी तक जिले के 11 लोगों की मौत हो चुकी है।