मुजफ्फरनगर। सड़क किनारे दुकान सजानें वाले दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के नाम पर पुलिस और प्रशासन ने हटाया है। उन्हें कंपनी बाग के पास दुकान लगाने के लिए नो वेंडिंग जोन बनाकर जगह दी गई है।
बृृहस्पतिवार को एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशन में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार व सीओ सिटी कुलदीप सिंह व नगर पालिका ईओ हेमराज ने टीम के साथ शिव चौक से कंपनी बाग, मीनाक्षी चौक से महावीर चौक तक अतिक्रमण हटाया था। शिव चौक , मीनाक्षी चौक के पास फूल व फल बेचने वालों को कंपनी बाग के पास जगह देकर उन्हें वहां दुकान लगाने को कहा था। ऐसे तीन दर्जन से अधिक दुकानदारों को वहां जगह दी गई है।
शुक्रवार को फूल बेचने वाले मिली जगह पर अपनी मेज लगाने में मशगूल रहे। पहले दिन इन दुकानदारों के यहां कुछ ही लोग फूल खरीदने के लिए पहुंचे। कम्पनी बाग के पास काफी जगह पर होर्डिंग्स लगाए गए थे। प्रशासन ने इन्हें हटाने के आदेश दिए है ताकि वहां फल आदि सामान बेचने वाले दुकानदारों के लिए जगह बन सके। इन होर्डिंग्स को पूरे दिन हटाने की कवायद चलती रही।
इन्होंने कहा
फूल बेचने वाले वली मोहम्मद का कहना है, कि इस काम से उनका परिवार चलता है। प्रशासन ने उन्हें बसाया है, यह एक अच्छा कदम है। उन्हें बताया हैं कि नगर पालिका उनके लिए पक्की शेड बनाकर देंगी। छह फुट लंबी और चार फुट चौड़ी जगह उन्हें दी है। उन्हें यह भी बताया है कि उनसे किराया भी लिया जाएगा।
फूल विक्रेता नासिर ने कहा कि उन्हें डर था कि प्रशासन उनकी दुकान हटवा रहा है, लेकिन ऐसा न करके उन्हें दुकान के लिए जगह दी गई।
इन्होंने कहा
कंपनी बाग पर दुकान लगाने वाले किसी भी दुकानदार को नुकसान नहीं होगा। अतिक्रमण हटाने के साथ ही प्रशासन ने उनके अच्छे के लिए भी सोचा है-कुलदीप सिंह, सीओ सिटी।