शिवरात्रि : सुबह से शिवालयों में लग गई श्रद्धालुओं की भीड़
मुजफ्फरनगर। शिवरात्रि पर जनपद के शिवालयों में सुबह से ही शिवभक्तों की लंबी लाइनें लग गईं। शिवभक्तों ने लाइनों में लगकर अपने अराध्य देव का जलाभिषेक व पूजा-अर्चना कर घर-परिवार की खुशहाली की मन्नतें मांगीं। लोगों ने व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ की पूजा की।
मीरापुर के संभलहेड़ा स्थित सिद्धपीठ पंचमुखी महादेव मंदिर में नगरपालिका चेयरमैन अंजू अग्रवाल और एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव ने पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। क्षेत्र के श्रीराम मंदिर, योगमाया मंदिर, भूमिया मंदिर, पंचायती मंदिर, शीतला माता मंदिर और सत्संग भवन मंदिर के शिवालय में शिवभक्तों ने पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक कर घर-परिवार की खुशहाली के लिए मन्नतें मांगीं।
भोपा स्थित शिव मंदिर, लाल पिंडी मंदिर, शीतला माता मंदिर, संत रविदास मंदिर और भूमिया शिवमंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी रहीं। गांव बेलड़ा, अथाई, कादीपुर, यूसुफपुर, नंगला बुजुर्ग, मलपुरा, धीराहेड़ी, सिकंदरपुर, रहमतपुर-गड़वाड़ा और निरगाजनी गांव में भी जलाभिषेक किया गया।
भौराकलां क्षेत्र के गांव चरौली स्थित प्राचीन सिद्धपीठ शिवमंदिर, बाजार शिवमंदिर, सिसौली के होली चौक शिवमंदिर, कपूरगढ़ के आनंद कुटी मंदिर में सिद्धपीठ शिवलिंग पर भी भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
शाहपुर क्षेत्र के गांव सांझक स्थित सिद्धपीठ स्वयं प्रकट शिव-पार्वती मंदिर, प्राचीन शिवमंदिर, मंगलापुरी मंडी स्थित शिवमूर्ति, शिव-दुर्गा मंदिर, सिद्धपीठ गोकुला देवी मंदिर, श्रीराम मंदिर, ठाकुरद्वारा मंदिर व पीपलेश्वर हनुमान मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। वहीं, गांव गोयला स्थित बारह वाला शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
छपार में हाईवे पर स्थित विश्वनाथ शिवमंदिर, गढ़ीवाला मंदिर, महरायपुर, बरला, बसेड़ा, तेजलहेड़ा, सिमरथी, खिंदड़िया, सिंभालकी, रेई व परेई गांवों में भी शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।