शारदा योजना में हर बच्चा स्कूल जाएगा
मुजफ्फरनगर। जिले में पांच से 14 वर्ष आयु के आउट ऑफ स्कूल चल रहे छात्रों का चिन्हांकन होगा। यूनिसेफ और सर्व शिक्षा अभियान यह प्रयास करेगा कि एक भी बच्चा बिना स्कूल के न रहे।
डायट में हुई कार्यशाला का शुभारंभ प्राचार्य भीम सिंह और सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक सुशील कुमार ने किया। यूनिसेफ के शिक्षा विशेषज्ञ क्रांति कुमार निगम ने शारदा योजना के सभी बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया। शिक्षा से वंचित बच्चों की पहचान और उनके अधिक से अधिक नामांकन करने की व्यवस्था के लिए प्रदेश सरकार ने शारदा (स्कूल हर दिन आए) कार्यक्रम शुरू किया है। योजना के तहत उन बच्चों की तलाश की जाएगी, जिनका अब तक किसी स्कूल में नामांकन नहीं है या किसी कारणवश बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी है। एक्शन ऐड एवं यूनिसेफ के नई पहल कार्यक्रम के जिला समन्वयक क़मर इंतिखाब ने कहा कि प्रेरक हर ब्लॉक में बच्चों का चिन्हांकन करने में मदद करेंगे। बीएसए रामसागर पति त्रिपाठी ने कहा कि दो चरणों में चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत प्रथम चरण में एक फरवरी से 15 अप्रैल तक चुने हुए बच्चों का 20 अप्रैल तक प्रवेश कराया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण के बच्चों को 21 मई से 15 जुलाई तक चिह्नित करके 20 जुलाई तक प्रवेश दिया जाएगा।