तितावी (मुजफ्फरनगर)। शामली रोड पर लालूखेड़ी के निकट बुधवार देर रात निर्माणाधीन सड़क पर बारिश से गीली मिट्टी में पहिया फंसने से पलटे टाटा-एस के नीचे दबने से शामली के मोहल्ला बड़ी आल निवासी फोटोग्राफर की मौत हो गई। युवक किसी शादी-समारोह में फोटोग्राफी करने हरिद्वार गया था, जहां से लौटते समय वह हादसे का शिकार हो गया।
शामली के मोहल्ला बड़ी आल निवासी बंटी (25) फोटोग्राफी का काम करता था। बुधवार सुबह वह एक शादी-समारोह में फोटोग्राफी करने के लिए हरिद्वार गया था। देर रात हरिद्वार से लौटते समय उसने मुजफ्फरनगर से शामली के लिए एक टाटा-एस (छोटा हाथी) वाहन में लिफ्ट ली थी। देर रात जैसे ही टाटा-एस शामली मार्ग पर गांव लालूखेड़ी के निकट पहुंचा, वहां निर्माणाधीन सड़क पर बारिश में गीली हुई मिट्टी में फिसलकर टाटा-एस बीच सड़क पर पलट गया। इससे बंटी पलटे वाहन के नीचे दब गया, जिससे उसके सीने में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बंटी को वाहन के नीचे से निकालकर बघरा पीएचसी भेज दिया। वहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने युवक के परिजनों को हादसे की जानकारी देते हुए शव को मोर्चरी भेज दिया। उधर, हादसे का आरोपी टाटा-एस चालक फरार हो गया, जिसके खिलाफ युवक के पिता चंद्रभान ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित परिजनों के अनुसार, बंटी की शादी करीब दो साल पूर्व बड़ौत क्षेत्र के गांव लावलपुर निवासी सीमा से हुई थी, जिससे उसे एक साल की बेटी भी है। युवक की आकस्मिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।