शिव चौक पर परेशानी का सबब बना नाला निर्माण
मुजफ्फरनगर। बीते छह दिनों से शहर के हृदय कहे जाने वाले शिव चौक पर जल निगम की ओर से किए जा रहे नाले में पाइप डालने के कार्य से नागरिक और दुकानदार बेहद परेशान हैं। यहां शिव मूर्ति के निकट ही नाले से निकली गंदगी के ढेर लगा दिए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं में भी रोष है। यहां पर काम के चलते गोल मार्केट के तमाम दुकानदार का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
शहर में शिव चौक पर गोल मार्केट के चारो ओर बंद पड़े नाले में जल निगम की ओर से पाइप डालने का काम किया जा रहा है। छह दिनों से यह काम चल रहा है, जो अब नागरिकों और दुकानदारों के लिए परेशान का कारण बन रहा है। नाले से निकाला गया तमाम कूड़ा और कीचड़ भी यहां पर पड़ा है।
फुटपाट का काम ठप
मुजफ्फरनगर। गोल मार्केट के चारो ओर फुटपाथ पर एक दर्जन से अधिक लोग दुकान लगा कर अपनी रोजी रोटी कमाते हैं। छह दिनों से उनका भी काम ठप है। कुलदीप, विकास, अजय, चंद्रपाल, सुंदरपाल का कहना है कि नाला उखाड़ने से उनकी रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। छह दिनों से दुकान नहीं लगाई।
क्या कहते हैं परेशान दुकानदार
- गोल मार्केट में कोल्ड ड्रिक्स की दुकान करने वाले कुलदीप चौहान ने बताया कि एक तो बरसात दूसरे यहां नाले का निर्माण, कई दिनों से दुकानदारी ठप पड़ी है। ग्राहक यहां नहीं आता।
------------
- रेडीमेड का काम करने वाले व्यापारी नेता विश्वदीप गोयल कहते है कि नाले निर्माण कराया जा रहा है। शिव मूर्ति के पास ही गंदगी पड़ी है, जिससे श्रद्धालु भी परेशान है।
- बाटा शू स्टोर के मालिक राहुल ग्रोवर ने बताया कि नाले के निर्माण के कारण कारोबार पूरी तरह से ठप पड़ा है। नाले से निकली कीचड़ बरसात में बह रही है। जिससे सभी को परेशानी हो रही है।
--------
- रेडीमेड कपड़े के कारोबारी अहमद ने बताया कि निर्माण के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। पूरा नाला खोद दिए जाने से ग्राहक दुकान तक पहुंच नहीं पाता है।
-----------------
इन्होंने कहा...
- शिव चौक पर बंद पड़े नाले में पाइप डालने का काम किया जा रहा। बरसात के कारण काम में देरी हो गई है, जल्द इस समस्या का समाधान कराया जाएगा।
- राजीव त्यागी
अधिशासी अभियंता
जल निगम, शहर