ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए मौके पर तैनात किया पुलिस बल
भूमि अधिग्रहण में रोड़ा अटका रहे लोग विरोध करने की नहीं जुटा सके हिम्मत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। जटोल और मझौल जबरदस्तपुर में अधिकारियों ने प्रस्तावित देवबंद-रुड़की रेलवे लाइन परियोजना का कार्य आरंभ कराया। भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे अधिकारियों द्वारा भूमि का कब्जा रेलवे को दिलाया।
जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में एसडीएम राकेश कुमार सिंह और सीओ रजनीश उपाध्याय राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल को साथ लेकर जटोल और मझौल जबरदस्तपुर गांव में पहुंचे। जहां पर टीम द्वारा रेलवे की भूमि का सीमांकन कराया। प्रशासन ने जेसीबी से खेतों में खड़ी फसलों को टेस्ट मैच कराया। इसके बाद भूमि का सत्यापन किया। इसके बाद भूमि का कब्जा रेलवे विभाग को दिला दिया।
देवबंद-रुड़की न्यू रेलवे लाइन पर भूमि अधिग्रहण को लेकर किसान भूमि पर कब्जा जमाए हुए थे। इस कारण रेलवे उक्त परियोजना के कार्य को अमलीजामा नहीं पहना पा रहा था। रेलवे विभाग ने डीएम से इसकी शिकायत की। डीएम के आदेश पर प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भूमि का सीमांकन कराते हुए उसे रेलवे विभाग के सुपुर्द कर दिया। किसानों के विरोध को देख मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया। इस कारण लोग विरोध नहीं कर सके। रेलवे विभाग के अधिशासी अभियंता की मौजूदगी में उक्त कार्य किया।