गांवों में मीटर रीडिंग लेने को 20 समूहों का चयन
मुजफ्फरनगर, चरथावल। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए विकास खंड क्षेत्र से जुड़े 20 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मीटर रीडिंग लेने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शासन ने घरों में जाकर विद्युत उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग लेने और बिल जमा करने के लिए निर्धारित शुल्क तय किया है। विकास खंड स्तर पर चयनित महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न रोजगारपकर कार्यों से जोड़ने की पहल से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश की जा रही है। चरथावल ब्लॉक में करीब 350 स्वयं सहायता समूह हैं। इनमें 20 समूहों की महिलाओं को प्रशिक्षण देकर विद्युत महकमे ने नियम कायदों से अवगत कराया। ब्लॉक मिशन मैनेजर संदीप कुमार ने बताया 2000 रुपये तक बिल जमा करने पर 20 रूपये और इससे ज्यादा जमा करने पर एक प्रतिशत मानदेय दिया जाएगा। रीडिंग निकालने के लिए प्रति उपभोक्ता के हिसाब से 5.50 रुपये भुगतान होगा। फिलहाल उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। गांव रोहाना के काशीराम, गुनियाजुड्डी का गायत्री, चरथावल देहात का का रानी समूह की महिलाओं ने यह कार्य शुरू कर दिया है। इनके अलावा, रोनी हरजीपुर के वैष्णा देवी, शिव बलवाखेड़ी, राधा बाढ़, शिव शक्ति गणेश हरनाकी, कांहा अलीपुरा, दुर्गा कान्हाहेड़ी और सरस्वती महाबलीपुर एवं वैष्णा समूह ज्ञानामाजरा को शामिल किया है। कार्यवाहक बीडीओ राजेंद्र कुमार ने बताया महिलाओं में नए कार्य को लेकर उत्साह है। वहीं बधाई कलां और खांजापुर में गठित समूहों की महिलाएं राशन वितरण की जिम्मेदारी निभा रही हैं।