कोर्ट रोड पर बीज की दुकानें खुलीं, ग्राहक रहे नदारद
मुजफ्फरनगर। कोरोना कर्फ्यू के लगातार चौथे दिन शहर-देहात क्षेत्र के सभी बाजार पूरी तरह से बंद रहे। इसके चलते बाजारों में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि इस दौरान भी सड़कों पर राहगीर व वाहनों की सामान्य आवाजाही रही।
कोरोना कर्फ्यू दो दिन तक आगे बढ़ाए जाने के साथ ही मंगलवार को भी लगातार चौथे दिन शहर-देहात क्षेत्र के सभी बाजार पूरी तरह से बंद रहे। सुबह से ही सभी दुकानें बंद रहीं। हालांकि सब्जी मार्केट कुछ देर के लिए खुलीं, लेकिन सुबह दस बजते-बजते सभी ओर सन्नाटा पसर गया। इसके बाद केवल सड़कों पर वाहनों व राहगीरों की ही आवाजाही सामान्य रूप से होती रही। कोरोना कर्फ्यू के चौथे दिन शहर के मीनाक्षी चौक पर ई-रिक्शाओं को लेकर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके चलते मीनाक्षी चौक, आर्यसमाज रोड व मेरठ रोड पर एकबारगी ई-रिक्शा का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया। वहीं, मंगलवार को शहर के कोर्ट रोड पर बीज की दुकानें खोली गईं, लेकिन उन पर केवल दुकानदार व नौकर ही मौजूद रहे। शाम तक भी इक्का-दुक्का ग्राहक ही इन दुकानों तक पहुंचे। शहर का रोडवेज बस स्टेंड भी सूना पड़ा रहा, जहां गिनती के मुसाफिर ही शहर से बाहर जाने के लिए पहुंचे। इसके चलते रोडवेज बसें काफी कम मुसाफिरों के साथ गंतव्य के लिए रवाना हुईं।
पाबंदी के बावजूद खुला जिला परिषद मार्केट
मुजफ्फरनगर। जनपद में दवाओं का थोक मार्केट जिला परिषद बाजार मंगलवार को साप्ताहिक बंदी के बावजूद खुला रहा। सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह ने दवा व्यापारियों को कोरोना कर्फ्यू के बावजूद अपनी दुकानें खोलने की अनुमति इस शर्त पर दी थी कि वे मंगलवार को साप्ताहिक बंदी के दिन दुकानें पूरी तरह से बंद रखेंगे। हालांकि इसके बावजूद साप्ताहिक बंदी पर भी जिला परिषद मार्केट के दुकानदारों ने अपनी दुकानें खुली रखीं। इसके अलावा, शहर में भी सभी मेडिकल स्टोर, आयुर्वेदिक दवाओं की दुकानें और दूध डेरियां खुली रहीं।