मुजफ्फरनगर। अंबा विहार में स्थित रोशनआरा लेडीज फिटनेस क्लब का मंजर जिसने भी देखा, वह सकते में आ गया। जिम ट्रेनर के परिजन भी कत्लोगारत का यह मंजर देख सहम उठे। रोशनआरा की मां सायरा के अनुसार, सुबह करीब 4.30 बजे जैसे ही ऊपर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी, वह ऊपर पहुंची और जिम का दरवाजा पीटने लगी, लेकिन किसी तरह की कोई आहट नहीं सुनाई दी। इसके बाद जैसे ही सायरा की नजर नीचे फर्श पर पड़ी तो दरवाजे से बहकर बाहर आते खून को देख वह सहम उठी।
हड़बड़ाई सायरा लगभग दौड़ते हुए नीचे आई और सो रहे बेटों शाहनवाज व शाहनजर के साथ ही बेटी सानिया व सना को लेकर फिर से ऊपर पहुंची। इसके बाद परिजनों ने जिम का दरवाजा तोड़कर अंदर नजरें दौड़ाई तो उनकी चीख निकल गई। दरवाजे के ठीक पीछे रोशनआरा व वसीम की लहूलुहान लाशें एक-दूसरे से सटी पड़ी थीं।
बेटी व उसके शौहर को लाश में तब्दील देख सायरा घर के सामने रहने वाले शारिक राना के घर पहुंची और चिल्ला-चिल्लाकर उन्हें घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उनके कहने पर पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद जैसे-जैसे लोग ऊपर पहुंचे, वहां का मंजर देख चंद सेकेंड भी नहीं रुक सके। जिसने भी लहूलुहान घटनास्थल देखा, वह सहमकर घर से बाहर निकल गया।
हत्या के बाद आत्महत्या का ही है मामला
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने अंबा विहार की वारदात के संबंध में बताया कि जांच में पूरा मामला युवती की हत्या करने के बाद युवक द्वारा आत्महत्या करने का ही है। वारदात के पीछे की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। वहीं, इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि युवक के परिजनों की तहरीर पर जांच करते हुए युवती के दोनों भाइयों से पूछताछ की जा रही है। तथ्यों के दृष्टिगत फिलहाल मामला हत्या के बाद आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है।
शादी में जाने की कह कर गया था वसीम
खतौली। गांव भैंसी के वसीम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। परिजनों ने बताया उनको कुछ माह पूर्व ही वसीम के कोर्ट मैरिज करने का पता चला था। वसीम में गुपचुप तरीके से रोशनआरा से कोर्ट मैरिज की थी। मृतक वसीम गांव से बृहस्पतिवार शाम फलावदा में शादी समारोह में जाने के लिए निकला था। शुक्रवार रात को उसकी लाश घर पहुंची तो परिजन फफक पड़े।
भैंसी गांव निवासी वसीम छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। पिता की काफी समय पूर्व मृत्यु हो गई थी। मां अनवरी का वह सबसे लाडला था। बड़े तीन भाइयों नईम, प्रवेज व नदीम तथा बहन शमीम व प्रवीण की शादी हो चुकी है। शुक्रवार सुबह परिजनों को वसीम की मौत की खबर मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि वसीम बृहस्पतिवार को शाम करीब पांच बजे गांव से अपनी मां अनवरी को फलावदा में किसी शादी समारोह में जाने के लिए कहकर निकला था। सुबह वसीम की मौत की सूचना पर पुलिस भी मृतक के घर पहुंची। इंस्पेक्टर एपी भारद्वाज ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार देर रात को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव भैंसी गांव लाए गए। परिजन शव से लिपट पर फफक पड़े। बाद में गमगीन माहौल में दोनों के शव को गांव के कब्रिस्तान में दफनाया गया।
छह माह पूर्व हुई कोर्ट मैरिज की जानकारी
मुजफ्फरनगर। आपस में रिश्तेदार लगने वाले वसीम व रोशनआरा उर्फ सोनम के एक-दूसरे के यहां आने-जाने के दौरान प्रेम संबंध हो गए थे। एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाते हुए करीब तीन साल पूर्व दोनों ने बिना परिजनों को बताए गुपचुप तरीके से कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बावजूद दोनों अपने-अपने घर पर ही रहते रहे, जिसके चलते किसी को उनकी कोर्ट मैरिज की भनक नहीं लगी।
परिजनों के अनुसार, करीब छह माह पूर्व वसीम के परिजनों ने उसका रिश्ता रहमतनगर निवासी एक कपड़ा व्यापारी की बेटी से तय कर दिया, जिसकी जानकारी रोशनआरा को लगी तो वह मां सायरा के साथ कपड़ा व्यापारी के घर पहुंच गई और उन्हें अपनी व वसीम की कोर्ट मैरिज की जानकारी दी। इसके बाद ही दोनों के परिजनों को उनके इस संबंध का पता चला। पुलिस के अनुसार, वसीम के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हुए, लेकिन रोशनआरा के परिजनों ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया। इसके छह माह बाद वसीम ने ऐसा कदम क्यूं उठाया, इसे लेकर परिजन कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।