भूमि पूजन को लेकर देवबंद में सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
देवबंद। अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर के निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम के मद्देनजर बुधवार को देवबंद में सुरक्षा चाक चौबंद रही। नगर के प्रमुख चौक-चौराहों समेत अन्य स्थानों पर पुलिस, आरआरएफ और आरएएफ के जवान मुस्तैदी से डटे रहे।
सुबह के समय एसपी देहात अशोक कुमार मीणा के नेतृत्व में पुलिस के जवानों ने नगर में पैदल मार्च किया। मंगलौर रोड, सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे, रेलवे रोड समेत अन्य क्षेत्रों से पैदल मार्च निकालकर माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों को सख्ती से निपटने का संदेश दिया। पुलिस की टीमें लगातार गश्त करती नजर आई। इतना ही नहीं एसडीएम राकेश कुमार सिंह, सीओ रजनीश कुमार उपाध्याय व कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, आरआरएफ के डिप्टी कमांडेंट कल्याण सिंह के नेतृत्व में एक टीम मिश्रित आबादी वाले ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात रही। सुरक्षा के मद्देनजर शासन द्वारा देवबंद को 6 सेक्टरों में बांटा गया था। जिसमें पुलिस की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों पर नजर गड़ाए रहीं। ड्रोन कैमरों से भी खुराफातियों पर नजर रखी गई। सीओ ने बताया कि देहात क्षेत्रों में पुलिस ने नजर बनाकर रखी। उधर, हिंदू समाज के लोगों ने धार्मिक अनुष्ठान कर भूमि पूजन कार्यक्रम को विश्व के इतिहास में स्वर्णिम दिन बताया है। उन्होंने कहा कि आखिर वह शुभ घड़ी आ ही गई जिसका लंबे समय से लोग इंतजार कर रहे थे। सनातन हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष अश्वनी योगी ने कहा कि आज का दिन इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। इस मौके पंकज पंवार, अशोक धीमान, रितेश उपाध्यक्ष, बसंत शर्मा, पंकज राणा आदि रहे।