खतौली में भाकियू कार्यकर्ताओं ने तहसील दिवस में पहुंचे एडीएम प्रशासन मनोज कुमार सिंह को दो घंटे तक बंधक बनाकर अपने बीच धरने पर बैठाए रखा। तहसील दिवस में डीएम, एसएसपी को भी आना था,
मगर भाकियू के धरना प्रदर्शन से घबराए दोनों अधिकारियों ने अपना कार्यक्रम बदलते हुए जानसठ तहसील के तहसील दिवस में समस्याएं सुनीं। दो दिन तक चले धरना-प्रदर्शन भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के हस्तक्षेप के बाद एडीएम प्रशासन के आश्वासन पर शाम करीब सवा चार बजे समाप्त हुआ।
भाकियू ने तहसील में फैले भ्रष्टाचार, बकाया गन्ना भुगतान, काली नदी का पानी दूषित होने, बिजली समस्या आदि मांगो को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। मंगलवार सुबह से जिलाध्यक्ष राजू अहलावत के नेतृत्व में किसान भारी संख्या में तहसील पहुंचे।
तहसील दिवस में समस्त विभागों के अधिकारियों सहित एडीएम प्रशासन मनोज कुमार सिंह और एसडीएम प्रियंका निरंजन ही मौजूद रहीं। तहसील दिवस समाप्त होने के बाद किसानों ने अपने ट्रैक्टर तहसील परिसर में खड़े कर रास्ता जाम कर दिया। एसडीएम को छोड़ कर किसी भी अधिकारी को नहीं निकलने दिया गया। तहसील दिवस समाप्त होने के बाद भाकियू ने एडीएम प्रशासन को बंधक बनाकर अपने बीच धरने पर बैठा लिया।
भाकियू जिलाध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं का 12 सूत्रीय मांग पत्र एडीएम प्रशासन को सौंपा। एडीएम ने शीघ्र सभी समस्याओं के निस्तारण के लिए डीएम और एसएसपी के मीटिंग करने के बाद किसानों को साथ लेकर हल कराए जाने का आश्वासन दिया। भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत से फोन पर वार्ता की गई। इसके बाद उनके हस्तक्षेप से धरना समाप्त किया गया।
अध्यक्षता जयसिंह टिटौड़ा और संचालन नीरज पहलवान ने किया। तहसील अध्यक्ष राजबीर, ब्लाक अध्यक्ष कपिल सोम, सुनील प्रधान भैंसी, दुष्यंत, अनुज बालियान, तेजराम आर्य, तेजपाल, महिपाल, छतर सिंह, अनुज शर्मा, दुष्यंत शर्मा, हरवीर सिंह, मनोज सहरावत, पवन आर्य, सन्नी शर्मा आदि रहे।