झमाझम बारिश में शिव चौक से होकर गुजरते वाहन।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
झमाझम बारिश ने गर्मी से राहत दी, शहर के कई इलाकों में भरा पानी
मुजफ्फरनगर। शनिवार को झमाझम बारिश होने से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली। पूरे दिन आकाश में बादल छाए रहे और ठंडी हवा चलती रही। हालांकि दिन में मौसम में बढ़ी उमस ने गर्मी को लगातार बनाए रखा। बारिश से शहर में कई स्थानों पर पानी भर गया जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, इस बारिश को आम के लिए लाभकारी माना गया है। हरे चारे के लिए भी बरसात अच्छी रही।
शनिवार सुबह से ही आकाश में काले बादल छाए हुए थे। तेज हवा के बाद काली घटा छाई और झमाझम बारिश हुई। दो दिन से लगातार बादल आ रहे थे, लेकिन वह बिना बरसे ही चले जा रहे थे। शनिवार को जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग द्वारा जिले में 22.4 मिली मीटर बारिश रिकार्ड की गई है। बारिश इतनी अधिक थी कि शहर के शिवचौक, महावीर चौक, प्रकाश चौक पर पानी भर गया। कुछ देर के लिए लोगों का सड़क से निकला मुश्किल हो गया। बारिश से सुबह लोगों को गर्मी से राहत महसूस दी। दोपहर निकली धूप में उमस से लोग फिर परेशान हो उठे। बारिश के बाद भी न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
बिजली आपूर्ति पूरे दिन रही बाधित
म़ुजफ्फरनगर। सुबह तेज हवा शुरू होते ही बिजली गुल हो गई थी। इसके बाद करीब तीन घंटे तक बिजली गुल रही। लोगों को बिजली के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। अफसरों का कहना है कि फाल्ट बचाने के लिए ऐसा किया जाता है।