मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा 24 जनवरी से शुरू होगी है। विद्यालयों की प्रयोगशालाओं में उपलब्ध सुविधाओं की जांच पड़ताल होगी। इसके लिए परीक्षा शुरू होने से पहले सभी विद्यालयाें को प्रयोगशाला के स्थिति की रिपोर्ट भेजनी होगी। उसके बाद विभागीय अधिकारियों की टीम स्थलीय निरीक्षण करेगी।
जिले में 293 माध्यमिक विद्यालय है। इनमें 49 राजकीय, 71 सहायता प्राप्त और 171 वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर संपन्न कराई जाएंगी। इंटरमीडिएट में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, भूगोल, गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी।
बोर्ड से संबंधित विषयों के परीक्षक नामित किए जाएंगे। परीक्षकों की नियुक्ति से पहले ही जिला विद्यालय निरीक्षक की एक विशेष टीम कॉलेजों का निरीक्षण कर प्रयोगशाला में उपलब्ध सुविधाओं की गहन जांच करेगी।
डीआईओएस राजेश कुमार श्रीवास ने बताया कि टीम सुनिश्चित करेगी कि लैब में आवश्यक केमिकल, उपकरण और अन्य संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं या नहीं। सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को प्रयोगशाला की स्थिति की रिपोर्ट भेजने के लिए पत्र जारी किया गया है।