पुरकाजी। सोलानी नदी के उफान और बारिश के पानी का असर खादर क्षेत्र में बच्चों की शिक्षा पर भी पड़ रहा है। प्राथमिक स्कूल रजगल्लापुर में पानी भर जाने से गांव के घेर में बच्चों की कक्षा लगवाई गई। इंटर और डिग्री कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं ने नाव में सवार होकर नदी पार की।
गांव रजगल्लापुर का स्कूल भी जलभराव के कारण मंगलवार को भी नहीं खुल सका। अध्यापकों ने ग्रामीण सुखपाल के घर में बच्चों को पढ़ाया। अध्यापक रणवीर सिंह ने जानकारी दी कि पंजीकृत कुल 20 छात्रों में से 16 छात्र पढ़ने के लिए आए। स्कूल के परिसर से पानी निकलने तक अब घेर में ही कक्षाओं का संचालन किया जाएगा।
स्कूल का परिसर गहरा होने के कारण यहां पानी भर जाता है। नदी का पानी उतर गया है लेकिन अभी स्कूल से पानी नहीं निकला है। गांव रामनगर विद्यालय के अध्यापक अनुज कुमार ने बताया कि स्कूल से पानी धीरे-धीरे निकल गया है। पंजीकृत सभी पांच बच्चे स्कूल आ रहे हैं। अगर पानी बढ़ता है तो अधिकारियों के निर्देश पर कार्य किया जाएगा।
इनसेट
गांव का रास्ता बहा...स्कूल पर ताला
गांव शेरपुर नगला गांव का मुख्य रास्ता टूट जाने के कारण अध्यापक और छात्र स्कूल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस वजह से स्कूल मंगलवार को भी बंद रहा। अध्यापक निकुश जावला ने बताया कि स्कूल की इमारत की स्थिति बिल्कुल सही है।
वैकल्पिक इंतजाम से पढ़ाई : बीएसए
बीएसए संदीप कुमार का कहना है कि जिन स्कूलों में पानी भर गया है, उनके बच्चों को ग्राम प्रधान के सहयोग से वैकल्पिक व्यवस्था कर ग्रामीण के आवास पर बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही है। दूसरे स्कूल में रास्ता खुलते ही शिक्षक पहुंचने शुरू हो जाएंगे।