पुल की रेलिंग से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई स्कूल बस।
- फोटो : अमर उजाला
रोहाना मार्ग पर बच्चों को लेकर आ रही स्कूल की मिनी बस का एक्सल टूट गया। अनियंत्रित होकर बस पुल की रेलिंग में टकरा गई। जिसमें 12 बच्चे घायल हो गए। बस गहरे नाले में गिरने से बाल-बाल बची। मौके पर मौजूद लोगों ने बच्चों को बस से बाहर निकाला और चरथावल व मुजफ्फरनगर के अस्पतालों में भर्ती कराया।
शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे सैदपुर कलां में संचालित एक पब्लिक स्कूल की मिनी बस गांव होशियारपुर और बधाई खुर्द से बच्चों को लेकर आ रही थी। रोहाना मार्ग पर बधाई कलां के नाले के पुल पर चढ़ते ही बस का एक्सल टूट गया। जिससे अनियंत्रित हो गई और उसका अगला पहिया निकल गया।
इसके बाद बस पुल की रेलिंग में टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। बस में सवार करीब दो दर्जन स्कूली बच्चों को चोर्टें आइं। बच्चों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला। स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को उपचार के लिए चरथावल एवं मुजफ्फरनगर निजी हॉस्पिटल में भिजवाया।
दुर्घटना की खबर पर बच्चों के अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया। बधाई खुर्द की यूकेजी की घायल अक्षी के अभिभावक जितेंद्र और देवेंद्र ने थाने पहुंचकर आरोप लगाया कि हादसा चालक की गलती से हुआ है।
इसके अलावा होशियारपुर गांव निवासी वंश चौधरी, कोमल, वंश धानियान, रीतिक और आर्यन समेत करीब दो दर्जन बच्चे चोटिल हुए। दरोगा सुबोध कुमार ने बताया कि बस में सवार घायल बच्चों के मामूली चोट आई है। अभिभावकों ने इस संबंध में कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया है।