हाईवे पर पलटने के बाद क्षतिग्रस्त हुई कार।
- फोटो : अमर उजाला
एनएच-58 पर बुढ़ाना अंडरपास के पास अनियंत्रित होकर अल्टो कार लोहे की रेलिंग से टकराकर पलट गई। जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
उत्तराखंड के जिला हरिद्वार के थाना कनखल क्षेत्र के गांव जगदीशपुर निवासी रजत पुत्र भगवानदास, विक्रांत पुत्र मामराज, शाहनवाज पुत्र अफजाल, अंकुर व ऋषभ अल्टो कार से शुक्रवार शाम मेरठ जा रहे थे।
ऋषभ कार चला रहा था। नेशनल हाइवे पर बुढ़ाना अंडरपास के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग से टकरा गई। रेलिंग से टकरा कर कार हवा में उछली और नीचे गिरकर पलट गई। जिसमें चालक ऋषभ (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रजत, शाहनावाज, विक्रांत व अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
टैंकर की टक्कर से वृद्ध की मौत
एनएच-58 पर बरला के पास टैंकर की टक्कर से वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर टैंकर कब्जे में लिया। छपार थानाक्षेत्र अंतर्गत कुतुबपुर गांव के निवासी फूल सिंह (65) बैंक जा रहे थे। बरला के पास हाईवे पार कर रहे थे। इस दौरान मुजफ्फरनगर की तरफ से आए टैंकर ने टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस पहुंच गई और टैंकर चालक को गिरफ्तार कर वाहन भी कब्जे में लिया। आरोपी ने खुद को रियाज निवासी अमेठी बताया। मृतक के भाई धर्मपाल ने चालक के विरुद्ध तहरीर दी। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।