मुजफ्फरनगर। अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से सामूहिक प्रशिक्षण योजना के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन आवेदन के आधार पर किया जाएगा। उपायुक्त उद्योग जैस्मिन ने बताया कि चार माह के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एक माह का सैद्धांतिक और तीन माह का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थी की जाति, शैक्षिक योग्यता और आयु आदि मानक निर्धारित किए गए हैं।
टेलरिंग समेत गैर तकनीकी ट्रेडों में प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थी को लिखने-पढ़ने का ज्ञान होना आवश्यक है, जबकि तकनीकी ट्रेडों में प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं पास रखी गई है। प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी 30 अगस्त 2026 तक www.msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संवाद