चरथावल(मुजफ्फरनगर)। थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठे पर काम करने वाली अनुसूचित जाति की युवती को नशीला पदार्थ सूंघाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की तहरीर पर मुख्य आरोपी उमर समेत पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एसएसपी संजय वर्मा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
दधेड़ू पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव में शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शनिवार शाम को ईंट भट्ठे पर काम करने वाली युवती काे आरोपी उमर जंगल में ले गया। आरोपी ने अपने चार साथियों को भी बुला लिया।
युवती को नशीला पदार्थ सूंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मौके पर युवती को बदहवास हालत में छोड़कर भाग गए। युवती घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने तलाश किया। इसके बाद युवती जंगल में मिल गई और परिजनों को आपबीती बताई।
थाना प्रभारी सत्यनारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचें। घटना की जांच पड़ताल के बाद पीड़िता की तहरीर पर उमर एवं चार सहित चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
सीओ सदर विनय कुमार द्विवेदी ने देर रात घटनास्थल का मुआयना किया और रविवार तड़के पांच बजे तक खुद मामले की मॉनिटरिंग की। सर्विलांस के जरिये पुलिस मुख्य आराेपी का पता लगाने में जुटी रहीं। पूछताछ के लिए जेसीबी मशीन मालिक को थाने बुलाया गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण पुलिस सतर्क हैं।
गैंगस्टर एक्ट में होगी कार्रवाई
एसएसपी ने बताया आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तीन टीमें गठित की गई हैं। इसमें एसओजी, सर्विलांस एवं थाने की विशेष टीम को शामिल किया है। जल्द आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे। सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की जाएगी।