एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के मुताबिक करीब एक महीने पहले टेहरकी गांव में बन रही पानी की टंकी पर चौकीदार को बंधक बनाकर सरिया लूटा गया था। बदमाश चौकीदार का मोबाइल भी लूटकर ले गए थे। सरधना पुलिस ने जांच की तो कुछ लोगों के नाम सामने आए।
इसके कुछ दिन बाद सूचना मिली कि सरिया लूट गिरोह के सदस्य खिर्वा जलालपुर में वारदात करने जा रहे हैं। तभी पुलिस ने घेराबंदी करके कंकरखेड़ा निवासी अनुज, मोनू, शाकिर, इरशाद, शाहरुख, टेहरकी गांव सरधना निवासी फिरोज और मोहम्मदपुर लोहड्डा मुजफ्फरनगर निवासी अरमान को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सरिया भी बरामद किया गया। वारदात में फरमानी नाज के पिता आरिफ और जीजा इरशाद भी शामिल थे। जांच पड़ताल में यह भी सामने आया कि यूट्यूबर फरमानी का भाई अरमान और जीजा इरशाद गिरोह को चला रहे थे। चोरी और लूट के सरिया को आरिफ ठिकाने लगा रहा था। इस मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं फरमानी नाज ने अपने पिता और भाई को मामले में निर्दोष बताते हुए कार्रवाई न करने की मांग की है।