मावे, आटे सहित 11 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
मुजफ्फरनगर। होली नजदीक आते ही खाद्य सामग्रियों में मिलावट रोकने के लिए कवायद शुरू हो गई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर में अभियान चलाकर मावे और आटे सहित 11 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इन्हें जांच के लिए लैब में भेजा गया है।
मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी चमन लाल के निर्देशन में अभियान चलाया गया। टीम ने बुढ़ाना के चौधरी चरण सिंह चौक से जयभगवान सिंह के पास से मावे के दो नमूने लिए। डल्लू देवता शामली रोड के निकट धीमान एग्रो इंडस्ट्रीज से आटे का एक, मुजफ्फरनगर में मेरठ रोड स्थित अमन एग्रो इंडस्ट्रीज से आटे एवं सरसों के तेल के नमूने लिए, चरण सिंह चौक बुढ़ाना से जावेद, प्रमोद एवं फरमान के पास से मावे का एक-एक, चंद्रा टाकीज के निकट मुजफ्फरनगर से अनिल कुमार के पास से शिंकजी मसाले का एक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। बुढ़ाना में चौधरी चरण सिंह चौक के पास अकरम और शाहनवाज के पास से मावे का एक-एक नमूना लिया गया। टीम ने एक दिन पहले भी विभिन्न स्थानों से सरसों तेल, खिलौना मिठाई, कचरी पापड़ आदि के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे थे। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार कौशल, राजीव कुमार, राकेश कुमार, अशोक कुमार, प्रेमचंद, डॉ. विकास कुमार, प्रेम कुमार त्रिपाठी, कृष्ण कुमार, वारियाक्ष दीक्षित शामिल रहे।