साधु पर मंदिर सभा की संपत्ति हड़पने के प्रयास का आरोप
देवबंद। धार्मिक संस्था श्री पंचायती ठाकुरद्वारा मंदिर सभा के महामंत्री अशोक कुमार गुप्ता ने एक साधु पर श्रीकृष्ण वाटिका कुटी की संपत्ति को षड्यंत्र के तहत हड़पने के प्रयास का आरोप लगाकर एंटी भू-माफिया टाक्स फोर्स सेजांच कराने की मांग की।
संस्था के महामंत्री अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि नगर में कुटी रोड पर मंदिर की बेशकीमती संपत्ति श्रीकृष्ण वाटिका-कुटी है। आरोप है कि वहां पर रहने वाले एक साधु वेशधारी व्यक्ति कुछ अवांछित दबंग का गिरोह बनाकर कब्जा करने के प्रयास में जुटा है। आरोप यह भी है कि आरोपी अवैध रूप से एक ट्रस्ट बनाकर झूठे साक्ष्य एवं पत्राचार प्रारंभ कर दिए हैं। जबकि साधु को संस्था द्वारा कुटी आश्रम की संपत्ति की देखरेख करने के लिए रखा गया था। बेशकीमती पेड़ों को कटवाकर बेचना शुरू कर दिया है। गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में संस्था की शिकायत पर मंडलायुक्त के आदेश पर एसडीएम द्वारा जब जांच प्रारंभ की गई तो जांच प्रभावित करने के उद्देश्य से साधु ने पिछले माह सिविल कोर्ट में संस्था के विरूद्ध वाद दायर कर दिया। वहीं, एसडीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।