पीनना में सड़क हादसे में ग्रामीण की मौत
मुजफ्फरनगर। गांव पीनना में मंगलवार देर रात सड़क पार कर रहे ग्रामीण को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिसे जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। गुस्साए ग्रामीणों ने पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर जाम लगाते हुए हंगामा कर दिया, जिन्हें अफसरों ने समझा-बुझाकर शांत करते हुए जाम खुलवाया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पीनना निवासी बनारसी उर्फ बंदी मंगलवार देर रात करीब 10.30 बजे खेतों पर जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान मुजफ्फरनगर की ओर से पहुंचे अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में लेकर कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में ग्रामीण की मौत होने की सूचना मिलते ही गुस्साए ग्रामीणों ने पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर जाम लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर योगेश शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत करते हुए बमुश्किल जाम खुलवाया। ग्रामीण के भांजे सतीश ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ शहर कोतवाली में हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।