मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना संक्रमण से एक मरीज की मौत हो गई, जबकि 109 नए मरीज मिले हैं। 245 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब लगातार जनपद में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होती जा रही है तथा मरीज अधिक स्वास्थ्य हो रहे है, जो जनपद के लिए राहत की बात है। अब मरीजों के ठीक होने की दर 93.28 हो गई है, जबकि संक्रमित दर कम होते हुए 1.3 हो गई है। अब से तीन सप्ताह पहले संक्रमित होने की दर बीस के लगभग पहुंच गई थी।
सीएमओ डॉ एमएस फौजदार ने बताया कि जानसठ के गांव जंधेड़ी निवासी ग्रामीण को कोरोना संक्रमित होने पर बेगराजपुर के मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उसकी मृत्यु हो गई। जिले में अब तक 249 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को जांच रिपोर्ट और एंटीजन जांच में 109 नए संक्रमित मिले है। इनमें शहरी क्षेत्र में 35 और देहात में 74 मरीज मिले है। इन मरीजों में 72 पुरुष और 37 महिलाएं है।
दस साल से छोटा एक बच्चा भी शामिल है। 50 साल से अधिक के 29 मरीज शामिल है। सभी मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। शुक्रवार को 245 मरीज ठीक हुए है। सीएमओ ने बताया कि अभी तक जिले में 29889 मरीज कोरोना के मिल चुके है, जिनमें से 27880 मरीज ठीक हो गए है। अभी भी जनपद में 1760 मरीजों का उपचार चल रहा है।