खतौली फलावदा मार्ग पर पमनावली पुलिस चौकी के पास गन्ने से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉले के पहिए के नीचे आने से ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि साथ में स्कूटी चालक शिक्षक भी घायल हो गया। मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर में तोड़फोड़ कर दी और आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को आग लगाने से रोक लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग को लेकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम शीतल प्रसाद गुप्ता सहित दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री शबाब जैदी ने मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन देकर बमुश्किल जाम खुलवाया। ग्रामीणों ने करीब चार घंटे तक सड़क पर जाम लगाए रखा।
गांव कैलावड़ा निवासी शिक्षक गफ्फार पुत्र रसीद गांव गालिबपुर के प्राइमरी पाठशाला में पढ़ाता है। बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे शिक्षक गांव से अपनी स्कूटी से स्कूल आ रहा था। गांव निवासी नईम मलिक (45) पुत्र मुन्ना को गालिबपुर बैंक से पैसे निकालने थे। इसलिए नईम भी लिफ्ट लेकर शिक्षक की स्कूटी पर बैठ लिया। दोनों स्कूटी पर बैठकर गांव से चल दिए। रास्ते में फलावदा मार्ग पर पमनावली चौकी से पहले आगे गन्ना लदा ट्रैक्टर-ट्रॉला जा रहा था।
शिक्षक ने अपनी स्कूटी ओवरटेक कर आगे निकाली तो स्कूटी फिसलने से दोनों सड़क पर जा गिरे। शिक्षक दूसरी तरफ नीचे गिरकर घायल हो गया, जबकि नईम ट्रैक्टर-ट्रॉले के पहिए के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां पर नईम की मौत हो गई। हादसे की खबर लगने पर ग्रामीण एकत्र होकर घटनास्थल पर पहुंचे।
गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर में आग लगाने का प्रयास किया। इस दौरान वहां पर मौजूद पुलिस ने ग्रामीणों को आग लगाने से रोका। इसके बाद अक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और धरना देकर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना था कि मृतक के परिजनों को सरकार की ओर से 25 लाख का मुआवजा, शुगर मिल में परिवार के एक सदस्य को नौकरी और ओवरलोडिंग ट्रैक्टर-ट्रॉलों को बंद कराने की मांग पर अड़ गए।
सूचना मिलने पर सीओ हरिराम यादव मौके पर पहुंचे। सीओ ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अडिग रहे। जाम लगाने की सूचना पर एसडीएम शीतल प्रसाद गुप्ता पहुंचे। हादसे में ग्रामीण की मौत पर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त शबाब जैदी एवं इरशाद गुर्जर भी ग्रामीणों के बीच पहुंचे। इन्होंने एसडीएम से मुआवजे की मांग को लेकर एसडीएम से वार्ता की। एसडीएम ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर पीड़ित परिजनों को हरसंभव सरकार से अधिक से अधिक मुआवजा धनराशि दिलाए जाने का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने चार घंटे बाद जाम खोला।
शुगर मिल के जीएम से वार्ता करेंगे सीओ
खतौली। सीओ हरिराम यादव ने ग्रामीणों का आश्वस्त किया कि ओवरलोडिंग गन्ने से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलों से हादसे होने की आशंका बनी रहती है। इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके, इसलिए वे शुगर मिल के जीएम से बातचीत कर इसका समाधान कराएंगे।