रोहाना आई पी एल की चीनी मिल ओर बहेड़ी ग्राम की शमसान की भूमि की पैमाइस करते राजस्व अधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मिल परिसर में मिली श्मशान की भूमि
मुजफ्फरनगर/रोहाना। रोहाना चीनी मिल और बहेड़ी की श्मशान भूमि को लेकर चल रहे विवाद का लंबे समय बाद पटाक्षेप हो गया है। प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश करा निशान लगा दिए हैं। मिल परिसर में श्मशान की भूमि सामने आई है, जिसे मिल को छोड़ना होगा।
बीते चार वर्षों से बहेड़ी के लोग शिकायत करते आ रहे हैं कि रोहाना मिल परिसर में उनके गांव के श्मशान की भूमि है। श्मशान भूमि के खसरा नंबर 635, 636 और 638 में लगभग 47 बीघा जमीन है। मौके पर श्मशान की जमीन कम है। कई बार पैमाइश को लेकर यहां हंगामा भी हो चुका है। बृहस्पतिवार को प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ पैमाइश कराई और हद बंदी भी कर दी गई। पैमाइश के दौरान श्मशान की भूमि मिल परिसर में पाई गई, जिसे पांच बीघा से अधिक बताया जा रहा है। इस संबंध में पैमाइश करने पहुंचे नायब तहसीलदार योगेश त्यागी ने बताया कि पैमाइश में मिल परिसर में श्मशान की जमीन निकली है। वह शुक्रवार को एसडीएम सदर को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। पैमाइश के दौरान मिल के अधिकारियों के साथ बहेड़ी के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इनमें विपुल त्यागी, नरेश कुमार, सुदेश शुक्ला, विजेंद्र, राजकुमार, योगेश आदि शामिल रहे।