भौराकलां पुलिस की गिरफ्त में आया मुठभेड़ में घायल लुटेरा।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुठभेड़ में दबोचा लुटेरा, साथी फरार
भौराकलां/सिसौली (मुजफ्फरनगर)। भौराखुर्द तिराहे पर बुधवार देर शाम हुई मुठभेड़ में पुलिस ने लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। फायरिंग में लुटेरे को पैर में गोली लगी है, जिसे शाहपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया है। लुटेरे के पास से संदिग्ध बाइक व तमंचा-कारतूस बरामद किए गए हैं।
भौराकलां थाना पुलिस बुधवार शाम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। एसओ विरेंद्र कसाना ने बताया कि इसी दौरान शिकारपुर मार्ग पर लूट के इरादे से घूम रहे बदमाशों की सूचना मिलने पर शिकारपुर तिराहे पर चेकिंग शुरू कर दी गई। इसी दौरान बाइक पर पहुंचे दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और गांव शिकारपुर की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने लुटेरों का पीछा किया तो भौराखुर्द तिराहे पर बदमाशों की बाइक फिसलने से वे नीचे गिर गए। इसी दौरान फायरिंग करते हुए भागते बदमाशों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की गई तो एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा खेतों में घुसकर भाग निकला। घायल बदमाश की पहचान मेरठ जनपद के सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मैना पुट्ठी निवासी आशु पुत्र उमरदीन के रूप में हुई है, जबकि फरार हुआ बदमाश उसी के गांव का शाहरुख है। एसओ ने बताया कि दोनों शातिर लुटेरे हैं, जिनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे लूट के दर्ज हैं।