जिला कारागार में बंद करीब ढाई हजार बंदियों को एक माह बाद फिल्टर पानी पीने को मिलने लगेगा। शासन ने कारागार के अंदर दो हजार लीटर की क्षमता का आरओ लगाने के आदेश दिए हैं। कानपुर की प्राइवेट कंपनी को एक माह के अंदर मशीन लगाकर जेल के अंदर शुद्ध पानी उपलब्ध कराना है।
शासन ने कानपुर की प्राइवेट कंपनी को प्रदेश की 28 जेलों में आरओ लगाने के आदेश दिए हैं। इसके लिए एक करोड़ 81 लाख 96 हजार 20 रुपयों की रकम स्वीकृत की गई है। आरओ लगाने के लिए जिला जेल का भी चयन किया गया है। जेल अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि जेल के लिए छह लाख 49 हजार 885 रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
कंपनी को एक माह के अंदर जेल में दो हजार लीटर की क्षमता का आरओ लगाना है। इसके लिए जेल के भीतर 15 बाई 20 फुट का सीमेंट का प्लेटफार्म बनाया जाएगा। बारिश से बचाव के लिए आरओ के ऊपर टीन शेड लगाया जाएगा। मशीन लगने से बंदियों को शुद्ध पानी पीने को मिलेगा।