बुढ़ाना(मुजफ्फरनगर)। देर रात बेखौफ चोरों ने एसडीएम व सीओ आवास के पास स्थित पुलिस के सेवानिवृत्त दरोगा का मकान खंगाल लिया। चोरों ने मकान के अंदर से ढाई लाख की नकदी सहित ढाई करोड़ रुपये के सोने चांदी के आभूषण चुरा लिए। घटना के समय दंपती रिश्तेदारी में शामली गया हुआ था। सूचना मिलते ही मकान मालिक, पुलिस के अधिकारी तथा जिला मुख्यालय से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वायड की टीम पहुंची। घटना के खुलासे को लेकर पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी है।
एसडीएम और सीओ आवास के पास कॉलोनी में रहने वाले सेवानिवृत्त दरोगा देशपाल सिंह को 17 अगस्त को अपनी पत्नी कुसुम लता के साथ अपनी ससुराल में शामली जनपद के गांव गोहरनी गए थे। बृहस्पतिवार की देर रात बेखौफ चोर घर मालिक की गैर मौजूदगी में मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने मकान के अंदर गैलरी के गेट व कमरों के ताले व कुंडे काट दिए।
चोरों ने मकान के अंदर बने स्ट्रांग रूम का ताला काटकर वहां से करीब ढाई लाख रुपये की नकदी, हीरे व सोने चांदी के आभूषण चुरा लिए। चोर घर का कीमती सामान और कपड़े आदि भी चुराकर ले गए।
सुबह पड़ोसी परिवार ने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा तो पड़ोसी मास्टर विनय की पुत्री ने देशपाल सिंह को दी। सूचना मिलते ही वह अपनी पत्नी के साथ बुढ़ाना पहुंच गए। जिला मुख्यालय से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची। सीओ गजेंद्र पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वायड की टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। देशपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि घर से ढाई लाख रुपये की नकदी तथा हीरे व सोने चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। उन्हें ढाई करोड़ का नुकसान हुआ है। घटना की तहरीर दी है।
-
शामली के झिंझाना थाने से सेवानिवृत्त हुए थे देशपाल सिंह
सेवानिवृत्त देशपाल सिंह ने बताया कि वे वर्ष 2017 में शामली के झिंझाना थाने से सेवानिवृत्त हुए थे। 26 वर्ष पहले उन्होंने बुढ़ाना में अपना मकान बनाया था। पांच वर्ष तक वह किराए पर रहे। मूल रूप से वह तितावी थाना क्षेत्र के गांव नूनाखेड़ा के रहने वाले हैं। उनकी दो बेटियां व एक बेटा है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
घर में रखा था पत्नी, पुत्रियों व होने वाली बहू का आभूषण
बुढ़ाना। देशपाल सिंह ने बताया कि उनके घर में उनकी दोनों पुत्री नीतू व कामिनी, पत्नी कुसुम लता तथा होने वाली पुत्रवधू के सोने चांदी, हीरे के आभूषण रखे हुए थे। उन्होंने बताया कि उनका बेटा हेमंत रुड़की में नशामुक्ति केंद्र चलाता है। उसकी जल्द ही शादी होने वाली थी।
वर्जन-
सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर प्राप्त हो गई है। घटना के खुलासे के लिए दो टीम गठित की गई है। जल्दी ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
बुढ़ाना। पीड़ित से कुसुलक्षेम पूछते पड़ोसी व अन्य। संवाद
बुढ़ाना। पीड़ित से कुसुलक्षेम पूछते पड़ोसी व अन्य। संवाद
बुढ़ाना। पीड़ित से कुसुलक्षेम पूछते पड़ोसी व अन्य। संवाद