सिपाही को घायल करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। शहर के बुढ़ाना मोड़ पर सिपाही को कार से टक्कर मारने की वारदात में एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, रातभर की नाकाबंदी के बावजूद कार सवार बदमाश पुलिस को धता बताकर सकुशल निकलने में सफल रहे।
शहर कोतवाली की बुढ़ाना मोड़ चौकी पर पुलिस की दो टीमों ने सोमवार शाम हरियाणा से कार सवार बदमाशों के आने की सूचना पर नाकाबंदी की थी। पुलिस को बदमाशों की कार भी मिल गई थी, जिसे रोकने के प्रयास में कार सवार बदमाश एक पुलिसकर्मी को सीधे टक्कर मारने के बाद फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल सिपाही प्रेमचंद शर्मा को जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उसे रेफर कर दिया गया था। वहीं, बदमाशों की तलाश में रातभर जिले में नाकाबंदी करते हुए चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन रातभर की कवायद के बावजूद बदमाश पुलिस को धता बताकर सकुशल भाग निकलने में सफल रहे। सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में भोपा क्षेत्र के गांव ककराला निवासी गौरव और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है और बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।