भाकियू तोमर के ब्लाक अध्यक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
खतौली (मुजफ्फरनगर)। लेखपाल को भाकियू तोमर के ब्लाक अध्यक्ष विशाल अहलावत द्वारा धमकाने, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के साथ ही जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच प्रारंभ कर दी है। लेखपाल की ओर से भाकियू नेता समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बुआडा खुर्द के लेखपाल विजय कुमार ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि पलड़ी में हो रहे मिट्टी के अवैध खनन की शिकायत पर वह तहसीलदार के मौखिक आदेश पर जांच करने के लिए गए थे। वहीं, एक आबादी के प्लाट की भी जांच की जानी थी। लेखपाल का आरोप था कि उनके फोन पर भाकियू तोमर के ब्लाक अध्यक्ष विशाल अहलावत का फोन आया, उन्होंने जांच करने से मना करते हुए धमकाते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इतना ही नहीं तहसील में आकर उच्चाधिकारियों के सामने ही धमकी दी गई। लेखपाल ने अवैध मिट्टी खनन करने वाले व्यक्ति जनेश्वर सहित फोन पर धमकी देने वाले भाकियू तोमर के ब्लाक अध्यक्ष विशाल अहलावत के खिलाफ धमकाने, अप्रत्यक्ष रूप से जान से मारने की धमकी देने, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उक्त दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।