बुढ़ाना कोतवाली में लड़की के पिता ने भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर दी तहरीर।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। नगवा गांव के एक ग्रामीण ने भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली में जाकर तहरीर दी। ग्रामीण ने बताया कि मांग भराई आदि की रश्म पूरी करने के बाद लड़का पक्ष वालों ने अब रिश्ते को ठुकरा दिया है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होती देखकर रिश्ता ठुकराया गया है।
नगवा निवासी प्रमोद कुमार दर्जनों ग्रामीणों व भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार को कोतवाली पहुंचा। कोतवाली में तहरीर देते हुए ग्रामीण ने बताया कि उसने अपनी बेटी का रिश्ता हरियाणा के पानीपत निवासी सुभाष के बेटे सचिन के साथ तय किया था। लड़के पक्ष के लोगों ने उनकी बेटी को पसंद करने के बाद मांग भराई की रश्म पूरी कर ली थी। आरोप है कि अब लड़के के परिवार वालों ने इच्छा के अनुसार दहेज न मिलता देखकर रिश्ते से इंकार कर दिया है। लड़की के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर लड़के के परिवार वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।