खतौली नगरपालिका पर 25 हजार के जुर्माने की संस्तुति
मुजफ्फरनगर। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने प्रदूषण फैलाने के आरोप में जिले के 24 पेपर मिलों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। बोर्ड की ओर से जारी नोटिस में फैक्टरी मालिकों को अवगत कराया गया है कि जब तक नाले की सफाई नहीं होगी और फैक्टरियों के पास से प्लास्टिक कचरा नहीं उठाया जाएगा, तब तक जुर्माना बढ़ता जाएगा। बोर्ड ने ईपीसीए के चेयरमैन के निर्देश पर खतौली नगर पालिका पर भी 25 हजार रुपये जुर्माने की संस्तुति की है।
जनपद की जहरीली हो रही हवा पर अभी तक पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) अभी भी खराब स्थिति में है। मंगलवार को एक्यूआई 266 रहा। हालांकि वायु प्रदूषण को रोकने के लिए जिले 16 ग्रैप लागू हैं, मगर इसका फायदा नहीं हो रहा है। वायु प्रदूषण को लेकर पर्यावरण और प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकरण (ईपीसीए) के चेयरमैन डॉ भूरेलाल जिले का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने धंधेड़ा नाले पर प्लास्टिक कचरा और नाले में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई थी। खतौली के पास कूड़ा जलता मिलने पर खतौली नगर पालिका पर जुर्माना करने के निर्देश दिए थे। ईपीसीए के चेयरमैन के निरीक्षण के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्रशासन हरकत में आया। बोर्ड की ओर से भोपा रोड, जानसठ रोड और जौली रोड पर स्थित 24 पेपर मिलों पर 97.50 लाख का जुर्माना किया गया था। यह भी कहा था कि जब तक कचरा नहीं उठाया जाएगा तब तक जुर्माना बढ़ता जाएगा। इसके बाद से कचरा उठना शुरू हुआ। उत्तराखंड और हरियाणा से लाकर यहां कचरा डालने वालों पर भी पाबंदी लगाई गई। मगर, अभी तक धंधेड़ा नाले की सफाई नहीं हुई। इस पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जुर्माना किए गए सभी 24 औद्योगिक इकाईयों को नोटिस जारी कर नाले की सफाई के आदेश दिए। इस नोटिस के बाद से औद्योगिक इकाईयों ने धंधेड़ा नाले की सफाई शुरू करा दी है। उधर, बोर्ड ने खतौली नगर पालिका पर भी 25 हजार रुपये के जुर्माने की संस्तुति करते हुए पत्र उपजिलाधिकारी अजय अंबष्ट को भेजा है।
इन्होंने कहा...
-जिले की 24 पेपर मिलों पर जुर्माना किया गया था। अब फिर नोटिस भेजा गया है। जब तक प्लास्टिक कचरा और धंधेड़ा नाला साफ नहीं होगा, तब तक जुर्माना बढ़ता जाएगा। अब नाले की सफाई शुरू की गई है। खतौली नगर पालिका पर भी 25 हजार के जुर्माने की संस्तुति कर दी गई है।