गेहूं क्रय केंद्र पर राशन डीलरों का प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर, खतौली। राशन डीलरों ने कम राशन, खाली बोरी के वजन समेत चने के कट्टे का वजन भी कम होने से नाराज होकर कृषि उत्पादन मंडी में एसएमआई का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया।
शनिवार को नगर समेत देहात क्षेत्रों के कई राशन डीलर कृषि उत्पादन मंडी में गेहूं क्रय केंद्र सेंटर पर पहुंचे और धरना देकर बैठ गए। उन्होंने एसएमआई को अपने बीच नीचे बैठा लिया। आरोप लगाया कि वहां से उठने वाले गेहूं तथा चावल एक ट्रॉली पर सवा तीन क्विंटल कम उतर रहा है। जिन बोरी में गेहूं, चावल आदि मिलता है, उसका वजन भी सामान के साथ ही तौला जाता है। चने के कट्टे का वजन भी पूरा नहीं उतर रहा है। चेतावनी दी कि यदि उनका माल पूरा नहीं दिया गया, तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे। मौके पर राशन डीलर यूनियन अध्यक्ष अमित अंती, अमित शर्मा, सुधीश पुंडीर, विनोद शर्मा, अनिल धारीवाल, सरताज, बाबू, नौबत, शाहआलम, गोकलचंद, इनाम, राकेश आदि शामिल रहे। उधर, एसएमआई सत्यप्रिय सिरोहा का कहना है कि राशन डीलरों का कहना है कि उनके द्वारा दूसरे धर्म कांटों पर तौल कराने पर राशन कम निकलता है। उन्होंने राशन डीलरों को आश्वासन दिया है कि वे इसकी जांच कराएंगे। इस आश्वासन पर ही डीलर वापस चले गए।