दुष्कर्म पीड़िता छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। थाना क्षेत्र के गांव में दुष्कर्म पीड़िता छात्रा ने फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। छात्रा परीक्षा देकर घर लौटी थी और तनाव में नजर आ रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
क्षेत्र के गांव निवासी मजदूर सोमवार को मजदूरी पर गया हुआ था और उसकी पत्नी खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गई हुई थी। इसी दौरान उनकी बेटी ने एक कमरे में लगे लोहे के गाटर में चुनरी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि किशोरी कस्बे के एक इंटर कालेज की कक्षा नौ की छात्रा थी। वह सोमवार को पेपर देकर वापस घर लौटी थी और तनाव में थी ।
वहीं 2019 में गांव के ही एक युवक ने अपने साथियों की मदद से किशोरी के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया था। मुख्य आरोपी वर्तमान में जेल में है। घटना की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और घटना की जानकारी लेकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। देर रात तक थाने में तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।