- युवती ने भोपा थाने में तैनात रहे एक दरोगा पर लगाया था आरोप
फोटो खबर
संवाद न्यूज़ एजेंसी
भोपा। थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती ने भोपा थाने में पूर्व समय में तैनात रहे एक दरोगा पर अनेकों बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। अश्लील फोटो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज पुलिस ने जांच शुरू की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 2019 में भोपा थाने की सीकरी चौकी पर दरोगा अजय तैनात था। युवती ने बताया कि जमीन को लेकर गांव में उनका विवाद चल रहा था। मामले की जांच के बहाने वह उनके घर गया और इसी दौरान उसे जांच के बहाने अपने कमरे पर बुला लिया। वह उसे गाड़ी में बैठा कर ले गया। रास्ते में उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। यह भी आरोप लगाया कि जब वह कॉलेज में जाती थी तो वह रास्ते में ही गाड़ी लेकर खड़ा मिलता था। भाई और पिता के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की धमकी देते हुए अपनी गाड़ी में बैठा लेता था और जबरन दुष्कर्म करता था।
आरोपी दारोगा ने उसकी अश्लील फोटो भी खींच रखी थीं, जिन्हें वायरल करने की धमकी देता आ रहा था। युवती ने उच्च अधिकारियों से दो दिन पूर्व कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने एसएसपी अभिषेक सिंह के आदेश पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि जांच शुरू कर दी है। उधर, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान ने कहा कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएंगे तो महिलाओं की सुरक्षा कौन करेगा। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।