बिरालसी में राजपूत एकता महासम्मेलन में मौजूद लोग
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चरथावल। बिरालसी में रविवार को राजपूत एकता महासम्मेलन का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राजपूतों ने हमेशा राष्ट्रीय हितों के साथ ही सर्व समाज के लोगों की भी रक्षा की है। समाज से कुरीतियों के खात्मे पर जोर दिया गया।
क्षेत्र के गांव बिरालसी स्थित बैंक्वेट हॉल में रविवार को आयोजित महासम्मेलन में क्षत्रिय महासभा के महामंत्री राकेश पुुंडीर ने कहा वर्तमान समय में समाज को पूर्वजों की भांति एकजुट होने की जरूरत है। संगठन में ही शक्ति है और संगठन से ही सर्व समाज की रक्षा की जा सकती है। उन्होंने राजपूत समाज में व्याप्त कुरीतियों के खात्मे की अपील की। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सवर्ण समाज के 90 फीसदी गांवों को आरक्षित करना दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
सम्मेलन में विभिन्न गांवों से शामिल होने आए राजपूत समाज के लोगों ने राकेश पुंडीर को तलवार भेंट कर उनका सम्मान किया। वक्ताओं ने अन्य जातियों की तरह सामान्य वर्ग के लोगों को भी आरक्षण सूची में शामिल करने की मांग की। मेशपाल सिंह की अध्यक्षता और योगेंद्र चौहान के संचालन में अमरीश राणा, सुंदर सोम, नरेश चौहान, उदय सिंह, मांगेराम कश्यप, अरविंद, राहुल ठाकुर, शाह आलम आदि मौजूद रहे।