बुढ़ाना से राजपाल बालियान और चरथावल से पंकज ने किया नामांकन
मुजफ्फरनगर। विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन के दो प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। रालोद प्रत्याशी राजपाल बालियान ने बुढ़ाना और चरथावल सीट से पंकज मलिक ने नामांकन दाखिल किया। उनके साथ आए समर्थकों को पुलिस ने कचहरी गेट पर रोक दिया।
जिले में नामांकन की प्रक्रिया 14 जनवरी से चल रही है। 14 और 15 जनवरी को कोई नामांकन नहीं हो पाया था। 16 जनवरी का अवकाश रहा। इसी के चलते सोमवार को दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया। दोपहर बाद बुढ़ाना से रालोद प्रत्याशी पूर्व विधायक राजपाल बालियान ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वह सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी और रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर के साथ नामांकन स्थल पर पहुंचे। नामांकन के बाद कचहरी गेट पर कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। चरथावल सीट से पूर्व विधायक पंकज मलिक ने नामांकन दाखिल किया। सपा और रालोद के जिलाध्यक्ष उनके साथ भी रहे। अब तक दो नामांकन की हो पाए हैं। नामांकन को लेकर कलक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
42 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे
मुजफ्फरनगर। सोमवार को 42 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। सदर विधानसभा सीट के लिए 14 नामांकन पत्र बिके हैं, जिनमें सपा से राकेश शर्मा व सौरभ, बसपा से पुष्पांकर, दीपक, एआईएमआईएम से अमीम रोशन, इंतजार, आजाद समाज पार्टी से परवेज आलम समेत रजनीश कुमार, नोमार खान, मांगेराम, शिवराज त्यागी, हरवेंद्र कुमार, अमिता, आस मोहम्मद, विकास ने नामांकन पत्र खरीदा है। बुढ़ाना विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी उमेश मलिक और निर्दलीय वीर सिंह ने पर्चा खरीदा। खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी, बसपा से माजिद समेत बबलूराम, जय बहादुर, हेमा और मनोज पंवार ने नामांकन पत्र खरीदा। चरथावल से कांग्रेस से अरशद व बिलकिश चौधरी समेत महफूज राना, कपिल कुमार ने पर्चा खरीदा। पुरकाजी से कांग्रेस से दीपक कुमार समेत विरेंद्र कुमार, सत्यपाल सिंह व गौरव कुमार ने नामांकन पत्र खरीदा है। वहीं मीरापुर विधानसभा सीट से 11 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं।