संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। लाल दयाल पब्लिक स्कूल के संचालक राजबीर सिंह वर्मा उर्फ टीटू पर हमला करने के एक आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। इस घटना के नामजद तीन आरोपी जेल जा चुके हैं।
लाल दयाल पब्लिक स्कूल के संचालक राजबीर सिंह वर्मा टीटू पर 19 मई को स्कूल में ही उनके कार्यालय में हमला कर घायल कर दिया गया था। स्कूल के चेयरमैन कर्मवीर सिंह ने 20 मई को घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें प्रधानाचार्या ममता दत्त शर्मा, सुपरवाइजर ट्रांसपोर्ट श्रीकांत, पीटीआई अशीष, चालक अजीत, रोबिन, शिक्षिका शैली, प्रमोद, रवि मास्टर, पंकज समेत तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश डाल रही थी। पिछले दिनों फलावदा थाने के गांव नंगली निवासी पंकज ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने जानसठ थाने के गांव बहादरपुर मनफोड़ा निवासी रोबिन उर्फ रबिन कुमार को पकड़ कर उसका चालान कर दिया था। कोतवाली पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को हमले के आरोपी अजीत ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। जिसे कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस घटना में नामजद तीन आरोपी जेल जा चुके हैं। घटना में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।